
उत्तर प्रदेश में रविवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हुई। प्रयागराज में सर्वाधिक 93 मिमी, मुजफ्फरनगर में 90.3 मिमी और बाराबंकी में 65 मिमी वर्षा दर्ज की गई। ललितपुर, बहराइच, इटावा, कानपुर आदि जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सोमवार के लिए प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं विंध्य क्षेत्र के 13 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले दो-तीन दिनों के लिए मानसूनी बारिश का दायरा दक्षिणी यूपी और पूर्वांचल तक सिमट जाएगा। इसके बाद कुछ दिनों के लिए मानसून के धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के संकेत हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। पूर्वांचल के दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाएं तेज होने से बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढ़ने से पूर्वांचल में बारिश का असर बना रह सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के क्षेत्र।
राजधानी लखनऊ का मौसम
राजधानी में रविवार को दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे धूप की तल्खी कम और मौसम में नरमी बनी रही। हालांकि अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज हुई। दोपहर में लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। देर शाम तेज बारिश हुई और चिनहट व सीतापुर रोड पर 51 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजभवन के पास 23 मिलीमीटर बारिश हुई।
अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को भी बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। बूंदाबांदी के साथ बारिश की संभावना है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश से कई इलाकों में जलभराव
राजधानी में रविवार शाम करीब एक घंटे की तेज बारिश में कई इलाकों की सड़कें लबालब हो गईं। जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। इंदिरा नगर के शिवाजीपुरम में सीवर और नाला चोक होने से गंदा पानी घरों में भर गया। इंदिरा नगर के अलावा अलीगंज, खदरा, आशियाना, इस्माइलगंज आदि इलाकों में जल निकास सिस्टम चोक होने से सड़कों पर दो-दो फीट तक पानी भर गया। एलडीए कॉलोनी में नाले चोक होने से सड़कें लबालब हो गईं। इंदिरा नगर सेक्टर-17 में सब्जी मंडी वाली रोड पर चोक नालों और अतिक्रमण के कारण जलभराव हुआ, जिससे कई गाड़ियां पानी में फंस गईं।



