
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के करीब 40 यात्रियों से भरी डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कंडक्टर घायल हो गया। पुलिस व यूपीडा की टीम ने घायल कंडक्टर को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार लक्ष्मी होलीडे ट्रैवल्स की डबल डेकर बस पटना से करीब 40 सवारियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। बस को विजय पुत्र संजय निवासी श्यामदासपुर, थाना अतरौली, जिला हरदोई चला रहा था। शनिवार तड़के करीब 4:45 बजे बस थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 31.300 पर पहुंची। इसी दौरान वह आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के कंडक्टर मुकेश घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। घायल कंडक्टर को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटाया गया तथा बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सुधीश कुमार शुक्ला ने बताया कि बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई है। घायल कंडक्टर को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया है और सभी सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।



