
शामली के गोहरनी गांव में भूमि विवाद के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक घटना घटी। 22 वर्षीय किसान आदित्य ने राजस्व और पुलिस टीम के सामने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
आदित्य के परिवार का 1.0256 हेक्टेयर भूमि को लेकर एसडीएम न्यायालय में मामला चल रहा है। सोमवार शाम को कानूनगो अमरीश शर्मा और राजस्व टीम गांव पहुंची तथा चहारदीवारी गिराने का प्रयास करने लगी। परिवार ने विरोध किया।
परिजनों का आरोप है कि सदर तहसील कानूनगो ने चहारदीवारी न गिराने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी। पैसे न देने पर टीम गिराने पहुंच गई। परिवार का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था और वे प्रशासन से आदेश मांग रहे थे।
हंगामे के दौरान आदित्य ने खुद को आग लगा ली। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। आदित्य के पिता मनोज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
एसडीएम सचिन राजपूत ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। कानूनगो अमरीश शर्मा ने रिश्वत के आरोप को बेबुनियाद बताया और कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम कार्रवाई के लिए गई थी।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर मौजूद अधिकारी तमाशबीन बने रहे, जबकि एक दरोगा घटना का वीडियो बनाता रहा।




