
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह मुंबई जाने वाली उड़ान के एक यात्री के हथियार की जांच के दौरान अचानक एक राउंड गोली चल गई। गोली लगने से एएआईसीएलएएस की दो महिला स्क्रीनर्स घायल हो गईं। दोनों को न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे उड़ान संख्या आईएक्स-1810 से यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए हथियार घोषित किया था। विमान में ले जाने के लिए घोषित हथियार की जांच सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जा रही थी। इसी दौरान हथियार से एक राउंड फायर हो गया। गोली की चपेट में आने से दो स्क्रीनर्स घायल हो गए।
घटना के बाद टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों को तुरंत एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक जांच की जा रही है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। हथियार को सुरक्षित तरीके से कैसे रखा गया था और जांच के दौरान फायर होने की वजह क्या रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां यात्री, हथियार और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




