
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने से बृहस्पतिवार को कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। आगरा में सबसे अधिक 66 मिमी बारिश दर्ज की गई। ललितपुर में 60, एटा में 57, बलिया में 36.4, आजमगढ़ में 28.8 और गोरखपुर में 26.3 मिमी बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
17 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हुआ है। इसका असर 17 अगस्त तक देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। व्यापक बारिश के चलते अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 55 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अवदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 17 अगस्त तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
भारी बारिश के यलो अलर्ट वाले जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा, ललितपुर समेत कई जिले शामिल हैं।
लखनऊ में भी बारिश के आसार
राजधानी में बृहस्पतिवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेचैन किया। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से लखनऊ में रुक-रुककर बारिश के आसार हैं। बारिश के असर से अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक गिरावट की संभावना है।




