उत्तर प्रदेशखेल

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आगाज 14 अगस्त से: इकाना में शुरू होंगे मुकाबले, कप्तानों ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक रोमांचक खबर है। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य आगाज 14 अगस्त से लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है।

शेड्यूल के अनुसार लीग के पहले चरण के 22 मैच 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में खेले जाएंगे। वहीं दूसरे चरण के मैच, प्लेऑफ और ग्रैंड फिनाले सहित कुल 12 मुकाबले 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होंगे।

टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले लीग की गवर्निंग काउंसिल और सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तानों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शानदार ट्रॉफी के साथ सभी खिलाड़ी विधानसभा पहुंचे, जहां आगामी सीजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और भव्य आयोजन को लेकर चर्चा हुई।

मुलाकात में शामिल प्रमुख कप्तानों में लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार, कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिज़वी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक, गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल, मेरठ मावेरिक्स के स्वास्तिक चिकारा और काशी रुद्रास के करण शर्मा शामिल रहे। यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर भी इस अवसर पर मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी कप्तानों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं तथा उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के सरकार के संकल्प को दोहराया। सभी छह टीमों के कप्तान अपनी-अपनी रणनीतियों के साथ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस बार का सीजन पिछले रिकॉर्ड तोड़ने और फैंस को शानदार मुकाबलों का मजा देने के लिए तैयार दिख रहा है।

Related Articles

Back to top button