उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी के न्यू हजरतगंज स्थित फ्लैट नंबर 527 पर छापेमारी कर उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायोयोवा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह महिला लंबे समय से देह व्यापार के धंधे में शामिल थी। पिछले साल 2025 में विदेशी महिलाओं की गिरफ्तारी के दौरान वह फरार हो गई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला अपनी पहचान छिपाने और चेहरे में बदलाव लाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराने लखनऊ आई थी। इस मामले में मिनर्वा अस्पताल के डॉक्टर विवेक गुप्ता की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। पूछताछ में पता चला कि लोला की मुलाकात डॉक्टर विवेक गुप्ता से थाईलैंड में हुई थी और उसी ने महिला को रहने के लिए फ्लैट उपलब्ध कराया था। डॉक्टर की संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है।
उज्बेकिस्तानी महिला का वीजा और पासपोर्ट दोनों की अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वह अवैध रूप से देश में रह रही थी। उसने अपने नाम पर कई फर्जी दस्तावेज भी बनवा रखे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और डॉक्टर की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




