उत्तर प्रदेश

अंबेडकरनगर में ओपी राजभर का सपा पर हमला, PDA का नया मतलब बताया

अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब “पीट देगा अहीर-पीट देगा अल्पसंख्यक” है। पेपर लीक और कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सपा पर निशाना साधा।

इससे पहले एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने गोविंद साहब कॉरिडोर से टेक्सटाइल पार्क तक विकास से जुड़ी कई मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

सपा पर राजभर के आरोप

प्रभारी मंत्री ने सपा नेताओं के पेपर लीक संबंधी आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आज सपा के नेता दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक पेपर लीक की बात कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार के समय परीक्षाओं में नकल का बोलबाला था। उस दौर में प्रश्नपत्र खरीदकर खेतों में बैठकर परीक्षा लिखने और पेपर लेकर घर चले जाने तक की घटनाएं सामने आती थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान पार्टी के नेता गांव-गांव घूमकर नौकरियां बेचने का काम करते थे। आज वही लोग भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक को लेकर सवाल उठा रहे हैं। राजभर ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने बिना रिश्वत लिए करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं।

कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार के पांच साल में प्रदेश में करीब एक हजार दंगे हुए, जबकि योगी सरकार के 9 साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। सपा सरकार में असलहा लहराने वाले अपराधियों पर अब कार्रवाई हुई है। कई अपराधी जेल में हैं, बाकी या तो ऊपर चले गए हैं या नीचे।

राजभर ने सपा को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि वह पिछड़ों के अधिकार की बात तो करती है, लेकिन वास्तव में पिछड़ों का हक प्रभावित करती रही है। भाजपा सरकार में विकास के साथ रोजगार और कानून व्यवस्था पर भी काम हुआ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोविंद साहब पहुंचने को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि अब तक कोई मुख्यमंत्री यहां नहीं आया था।

विकास की मांगें

एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने गोविंद साहब स्थल पर कॉरिडोर निर्माण, आलापुर तहसील मुख्यालय पर 100 शैय्या का राजकीय चिकित्सालय, रामनगर को नगर पंचायत का दर्जा, जलालपुर में बाईपास और बस अड्डा, नार्थ-साउथ कॉरिडोर के तहत टांडा-बरियावन-सुल्तानगढ़-पट्टी सुरहुरपुर मार्ग को फोरलेन करने, जलालपुर में राजकीय महाविद्यालय और टांडा विधानसभा क्षेत्र में टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात और रोजगार की सुविधाएं बढ़ेंगी।

Related Articles

Back to top button