उत्तराखंड

CM धामी ने की साइंस सिटी परियोजना की समीक्षा, ‘विग्यान वाणी’ रेडियो स्टेशन का किया उद्घाटन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित यूकोस्ट (UCOST) में साइंस सिटी परियोजना का निरीक्षण किया और साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन पॉलिसी (STIP) संगोष्ठी में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में यह विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनेगी। यह न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के छात्रों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के लिए उपयोगी साबित होगी।

धामी ने ‘विग्यान वाणी’ (88.8 MHz) कम्युनिटी साइंस रेडियो स्टेशन, विग्यान दृश्यम और विग्यान धारा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक जटिल वैज्ञानिक ज्ञान पहुंचाया जा सकेगा।

सीएम ने हरेला सप्ताह का जिक्र करते हुए कहा कि हरेला प्रकृति के प्रति आस्था, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ी के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के दौर में विकास और प्रकृति को साथ ले चलने का संदेश दिया।

धामी ने कहा कि भारत को उभरती तकनीकों जैसे डेटा साइंस, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और बायोटेक्नोलॉजी में नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 28 नवंबर को हर साल ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ मनाया जाएगा। उन्होंने यूकोस्ट कैंपस में स्टार्टअप सेंटर बनाने के लिए जमीन देने की घोषणा भी की।

Related Articles

Back to top button