
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी के आरोपों के बीच दान में मिली दो एंबुलेंस और एक टेंपो ट्रैवलर के लापता होने का मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने इन सभी आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने स्पष्ट किया कि एक एंबुलेंस वर्ष 2022 में मुख्य चिकित्सा अधिकारी रुद्रप्रयाग को दे दी गई थी, जबकि दूसरी एंबुलेंस 2016 में ही निष्प्रयोज्य हो चुकी थी। दोनों का पूरा विवरण समिति के रिकॉर्ड में दर्ज है।
रांगड़ ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर फिलहाल मरम्मत के लिए बदरीनाथ से देहरादून लाया गया है, इसलिए वह मौके पर उपलब्ध नहीं है।
लैपटॉप को लेकर भी सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा दिए गए सभी लैपटॉप का ब्योरा स्टॉक बुक में दर्ज है। किसी भी लैपटॉप के गायब होने की खबर गलत है।
मंदिर समिति ने कहा कि वह अपनी सभी परिसंपत्तियों का उचित अभिलेखीकरण और निगरानी करती है। प्रसारित हो रही जानकारियां भ्रामक हैं।




