
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामलों में दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आलोक कुमार का जांच अधिकारी को लिखा पत्र पूरी तरह राजनीतिक है।
संजय सिंह ने सवाल उठाया कि आलोक कुमार ने अरविंद केजरीवाल, खुद और रामगोपाल यादव का नाम तो पत्र में लिया, लेकिन भाजपा, आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े उन नेताओं और प्रत्यक्षदर्शियों के नाम क्यों छुपाए गए, जिन्होंने खुद चोरी और डकैती देखी है। उन्होंने नृपेंद्र मिश्रा, विनय कटियार, महंत धर्मदास और महिपाल सिंह जैसे लोगों के बयानों का हवाला दिया।
संजय सिंह ने जांच में शामिल होने की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि वे एसआईटी के सामने अकेले नहीं, बल्कि सभी गवाहों के साथ जाएंगे। उन्होंने सोमवार को जांच अधिकारी को नया पत्र लिखने का एलान किया, जिसमें राम मंदिर ट्रस्ट में केंद्र सरकार के पूर्व प्रतिनिधि ज्ञानेश कुमार से पूछताछ करने की मांग की जाएगी।




