
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक प्रवास के दौरान मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित कार्यकर्ता कार्यक्रम में उन्होंने सपा के चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ पर तंज कसते हुए कहा कि इस बार जनता साइकिल को कबाड़ में भेजने वाली है।
नितिन नबीन ने कहा, “विरोधी चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन साइकिल की ऐसी दुर्दशा होने वाली है कि उसकी दोबारा मरम्मत भी मुमकिन नहीं होगी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन के साथ खड़ी है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को ‘जीत का मंत्र’ दिया। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर काम करने की अपील की और कहा कि अभी से तैयारी तेज करनी होगी ताकि राज्य में लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ डबल इंजन सरकार बन सके।



