
देश के कई हिस्सों में लगातार चल रही भीषण गर्मी और लू से जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 27 अप्रैल से धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होगा, जो तापमान में गिरावट ला सकता है।
कब और कहां होगी बारिश-आंधी?
- 27 अप्रैल: राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश की संभावना।
- 28 से 30 अप्रैल: पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में आंधी-बारिश का दायरा बढ़ेगा।
ये आंधियां तेज हवाओं (40-80 किमी/घंटा) के साथ आएंगी, जो कुछ इलाकों में 100 किमी/घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं। बारिश छोटी लेकिन तेज होगी, जो 15 से 45 मिनट तक चलेगी।
तापमान पर असर
वर्तमान में 42-46 डिग्री सेल्सियस चल रहे अधिकतम तापमान में मंगलवार शाम से गिरावट शुरू हो सकती है। बारिश वाले इलाकों में तापमान 36-41 डिग्री तक आ सकता है। हालांकि, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू का असर अभी भी बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि आंधी के समय घर के अंदर रहें, खासकर जब काले बादल छाएं और गरज सुनाई दे।



