
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह शुरू हो गई। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जहां करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। बंगाल की बाकी सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा।
तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक साथ वोटिंग हो रही है। यहां मुकाबला त्रिकोणीय है, जिसमें सत्तारूढ़ DMK, AIADMK और अभिनेता विजय की पार्टी TVK मुख्य रूप से आमने-सामने हैं।
मतदान शुरू होते ही DMK प्रमुख और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने चेन्नई में वोट डाला। इसके अलावा अभिनेता राजीनिकांत और TVK चीफ विजय ने भी अपने वोट का इस्तेमाल किया। पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी मतदान किया।
इस दौरान भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने और भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों राज्यों के मतदाताओं से अपील की कि वे उत्साह के साथ वोटिंग में भाग लें। उन्होंने चुनाव को ‘लोकतंत्र का त्योहार’ बताया और युवाओं व महिलाओं से रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित करने की अपील की।



