
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर और आईएसआई के एजेंट शहजाद भट्टी के इशारे पर काम करने वाले दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गोलीबारी, ग्रेनेड हमले और लक्षित हत्याओं को अंजाम देने की एक आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है, दोनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं।
पुलिस उपायुक्त (स्पेशल सेल) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने एक बयान में कहा, “इनकी गिरफ्तारी से राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में नियोजित हमलों को नाकाम कर दिया गया। इन गिरफ्तारियों से भट्टी द्वारा रची गई एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है, जो आईएसआई से जुड़े अन्य हैंडलर्स के साथ मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं की भर्ती कर रहा था और उन्हें दिल्ली-एनसीआर में लक्षित हिंसा की घटनाओं को अंजाम देने के लिए तैनात कर रहा था।




