उत्तर प्रदेश

यूपी में अपराधियों पर पुलिस का ‘हंटर’ जारी: गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ और औरैया में चार एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ और औरैया में हुई मुठभेड़ों में पुलिस ने कई खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद: इन्दिरापुरम पुलिस ने 7 वर्षीय मासूम बच्ची से दरिंदगी करने वाले शातिर आरोपी अल्फाजुद्दीन उर्फ ‘भालू’ को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। 15-16 अप्रैल की रात आरोपी ने बच्ची को अगवा कर जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। कनावनी पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और चोरी की रकम बरामद की। आरोपी पर POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

कानपुर: बर्रा थाना क्षेत्र में 23 मार्च को हुई लूट का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई।

मेरठ: भावनपुर थाना क्षेत्र में कुख्यात गौ-तस्कर शाहरुख को किनानगर मोड़ के पास मुठभेड़ में घायल किया गया। उसके पास से अवैध हथियार और गौकशी के औजार बरामद हुए।

औरैया: अछल्दा रोड पर हुई मुठभेड़ में कोल्ड ड्रिंक कारोबारी से 2.60 लाख रुपये लूटने वाले तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपी गोली लगने से घायल हैं। पुलिस ने लूट का सामान और तमंचे बरामद किए।

पुलिस ने साफ कहा है कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button