
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को “जल्द ही खोल दिया जाएगा”, चाहे ईरान इसके लिए तैयार हो या नहीं।
ट्रंप ने एयर फोर्स वन में चढ़ते हुए पत्रकारों से कहा, “यह आसान नहीं होगा, लेकिन हम इसे काफी जल्द खोल देंगे।” उन्होंने कहा कि हॉर्मुज अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और ईरान वहां से किसी भी तरह का टोल नहीं वसूल सकेगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि दूसरे देश भी हॉर्मुज खोलने में मदद कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया।
ईरान का टोल प्लान
इस बयान से पहले फाइनेंशियल टाइम्स ने रिपोर्ट दी थी कि ईरान तेल टैंकरों से प्रति बैरल 1 डॉलर टोल वसूलने की योजना बना रहा है। ओमान ने भी ऐसे किसी प्लान से इनकार किया है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के लगभग 20% तेल और LNG का रास्ता है। ईरान के युद्ध शुरू होने के बाद इसकी नाकेबंदी से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर अब तक का सबसे बड़ा असर पड़ा है।
ट्रंप ने NATO सहयोगियों पर भी नाराजगी जताई कि उन्होंने हॉर्मुज को सुरक्षित करने में कोई ठोस मदद नहीं की।
यह बयान आज इस्लामाबाद में चल रही अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बीच आया है, जहां दोनों पक्ष दो हफ्ते के सीजफायर को स्थायी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।



