
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा लगाए गए ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’ के आरोप पर पलटवार करते हुए, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जितना चाहें झूठ बोल सकते हैं, लेकिन आगामी विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में आने पर उनकी पार्टी उनके परिवार की विदेशों में स्थित संपत्ति और व्यवसायों के बारे में सब कुछ उजागर कर देगी। कांग्रेस नेता गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री को अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को उनके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए।
कांग्रेस द्वारा यह दावा किए जाने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया कि सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा के पास मिस्र, एंटीगुआ-बारबुडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन पासपोर्ट, दुबई में दो संपत्तियां और फर्जी कंपनियों में संपत्ति है। इन आरोपों का खंडन करते हुए सरमा ने कहा कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली गलत जानकारी का इस्तेमाल करके ये झूठ गढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने असम चुनावों को प्रभावित करने में पाकिस्तान की संलिप्तता का आरोप भी लगाया।


