
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। मुख्य आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी महिलाओं को नौकरी का लालच देकर जबरन देह व्यापार में धकेलता था। वह खुद को पत्रकार और पुलिसकर्मी बताकर पीड़िताओं को डराता और ब्लैकमेल करता था।
मामला कैसे सामने आया
पश्चिम बंगाल की एक युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर पुलिस तक पहुंची। उसने बताया कि नौकरी के बहाने उसे कानपुर बुलाया गया, जहां बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया गया। आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल भी किया।
पुलिस की छापेमारी में आरोपी की कार से पुलिस की वर्दी, बेल्ट और कैप बरामद हुई। आरोपी के पास से कई होटलों की लिस्ट, फर्जी न्यूज चैनल का आईडी कार्ड भी मिला। कल्याणपुर समेत कई होटलों में छापेमारी की गई, जहां रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए गए।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक रोहित वर्मा पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने संगठित गिरोह चला रखा था।
पुलिस को शक है कि इस रैकेट के तार कोलकाता समेत अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। कोलकाता के एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



