उत्तर प्रदेश

चंद्रशेखर आजाद का वायरल बयान: “हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं और उसका जूता बनाकर सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं”

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं, उसका जूता बनाना भी जानते हैं और समय आने पर उसे सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं। हम सिर्फ संविधान से डरते हैं और संविधान के खिलाफ कभी नहीं जाएंगे।”

यह बयान करणी सेना के प्रदेश महामंत्री के उस बयान पर पलटवार माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने चंद्रशेखर को बाराबंकी में कदम नहीं रखने देने की धमकी दी थी। चंद्रशेखर ने कहा कि वे संघर्ष करने वाले और सज्जन लोग हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे।

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चंद्रशेखर अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। रविवार को बाराबंकी के मंजीठा ग्राम पंचायत में कांशीराम जयंती और पार्टी स्थापना दिवस पर आयोजित जनसभा में 20 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ देखकर वे गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज का पहला प्रधानमंत्री दिल्ली की सत्ता पर बैठेगा और कांशीराम का सपना पूरा होगा।

बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं है। बदायूं में हत्या, संभल में किशोरी के साथ गैंगरेप, बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला में किशोरी के जिंदा जलने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए बोले, “मुख्यमंत्री कहते हैं हर चौराहे पर यमराज खड़े हैं, लेकिन गुंडे भाजपा से जुड़े होते हैं तो यमराज छुट्टी पर चले जाते हैं।”

चंद्रशेखर ने कहा कि बहुजन समाज से छीना गया राजपाट वापस लिया जाएगा। जो लोग बहुजनों का रास्ता रोक रहे हैं, उनके नाम डायरी में लिखे जा रहे हैं और सत्ता आने पर उनका उचित सम्मान होगा। उन्होंने पार्टी पर लगे धर्म-आधारित आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 20 मार्च 2020 को पार्टी बनाई गई, किसी धर्म पर टिप्पणी नहीं की गई।

Related Articles

Back to top button