
ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच अमेरिकी सेना को बड़ा झटका लगा है। US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने गुरुवार को पुष्टि की कि इराक के पश्चिमी इलाके में एक KC-135 एरियल टैंकर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। इस विमान में 5 क्रू मेंबर्स सवार थे और क्रैश के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
यह घटना ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान हुई, जो अमेरिका की ईरान के खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई है। CENTCOM के बयान में कहा गया कि दो एयरक्राफ्ट शामिल थे—एक सुरक्षित उतर गया, जबकि दूसरा क्रैश हो गया। घटना फ्रेंडली एयरस्पेस में हुई और दुश्मन की फायरिंग से इसका कोई लेना-देना नहीं है। रेस्क्यू टीम काम कर रही है।
KC-135 अमेरिकी सेना का महत्वपूर्ण रिफ्यूलिंग प्लेटफॉर्म है, जो लंबी दूरी के मिशनों में फाइटर जेट्स को हवा में ईंधन भरता है।
हालांकि, इराक में सक्रिय ईरान समर्थित इस्लामिक ग्रुप ने रॉयटर्स को दिए बयान में दावा किया कि उसने विमान को गिराया है। अमेरिकी सेना ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि क्रैश में कोई हॉस्टाइल एक्शन शामिल नहीं था।


