
उत्तर प्रदेश में होली के बाद मौसम पूरी तरह बदल रहा है। अब गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। तेज धूप और रूखी पछुआ हवाओं से गर्मी का अहसास और बढ़ गया है।
बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन भर तेज धूप रही। पछुआ हवाओं की रफ्तार 30-35 किमी/घंटा तक दर्ज की गई। झांसी सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री पहुंचा। फतेहपुर, वाराणसी और आगरा में भी पारा 33 डिग्री के पार गया। लखनऊ में दोपहर की धूप तीखी रही।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होगी, लेकिन अगले 3-4 दिनों में तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इससे गर्मी और तेज होने की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक मार्च में तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री अधिक रह सकता है, कई जिलों में 35-38 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है।




