विदेश

पश्चिम एशिया तनाव का असर: अकासा एयर ने शुरू कीं स्पेशल फ्लाइट्स, एयर अरेबिया ने UAE उड़ानें 9 मार्च तक रोकीं

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य संघर्ष के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारतीय एयरलाइन अकासा एयर ने प्रभावित यात्रियों और क्रू को सुरक्षित वापस लाने के लिए विशेष उड़ानें शुरू की हैं।

एयरलाइन ने अबू धाबी से मुंबई के लिए एक स्पेशल फ्लाइट QP 585 संचालित की, जो UAE समयानुसार शाम 4 बजे (IST 5:30 बजे) रवाना हुई। साथ ही सऊदी अरब के जेद्दा के लिए 4 और 5 मार्च को मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु से विशेष सेवाएं चलाई जा रही हैं।

हालांकि दोहा, कुवैत सिटी और रियाद के लिए उड़ानें 5 मार्च तक निलंबित रहेंगी। अकासा एयर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

दूसरी ओर एयर अरेबिया ने सुरक्षा कारणों से UAE के लिए अपनी अधिकांश उड़ानें अस्थायी रूप से 9 मार्च दोपहर 3 बजे (UAE समय) तक रोक दी हैं। केवल कुछ सीमित उड़ानें अधिकारियों की मंजूरी से चल रही हैं। यात्रियों को एयरलाइन से सूचना मिलने तक एयरपोर्ट न पहुंचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button