
बहराइच में सरकारी किताबों को कबाड़ी को बेचने का मामला लगातार गहरा रहा है। जांच में सामने आया है कि बेसिक शिक्षा विभाग के जिला भंडार गृह से कुल 15,593 किताबें गायब हैं। कबाड़ी की दुकान पर मिली किताबें इसी गोदाम से हैं या कहीं और से लाई गईं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
16 फरवरी को मुरादाबाद से लखीमपुर होते हुए बहराइच पहुंचे एक ट्रक में परिषदीय स्कूलों की लाखों रुपये की किताबें भरी मिलीं। मुखबिर की सूचना पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जांच समिति बनाई। जांच में भंडार गृह में किताबों की रिसीविंग में गड़बड़ी, सुरक्षा की कमी और बड़ी लापरवाही पाई गई।
अनुचर आलोक कुमार और शफीक अहमद को निलंबित कर दिया गया है। अनुदेशक अतुल कुमार सिंह, सामुदायिक सहभागिता समन्वयक आशुतोष सिंह और स्पेशल एजुकेटर दीपक कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई। प्रभारी सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश कुमार वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी नगर डाली मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रंजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। कई अफसरों पर कार्रवाई की जा सकती है। अभिभावक और शिक्षक इस घोटाले से नाराज हैं। जांच जारी है।



