
केरल ने 10 महीने की आलिन शेरिन अब्राहम को भावुक विदाई दी, जो राज्य की सबसे छोटी ऑर्गन डोनर बनीं। दुर्घटना में ब्रेन डेड होने के बाद उनके माता-पिता अरुण अब्राहम और शेरिन एन जॉन ने उनके लीवर, किडनी, हार्ट वाल्व और कॉर्निया डोनेट किए, जिससे 5 बच्चों की जान बची।
5 फरवरी को पथानमथिट्टा के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आलिन को कोच्चि में इलाज के दौरान 12 फरवरी को ब्रेन डेड घोषित किया गया। माता-पिता के फैसले पर मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने इसे “मॉन्यूमेंटल एक्ट ऑफ कंपैशन” बताया। गवर्नर, अभिनेता कमल हासन और मोहनलाल ने भी भावुक श्रद्धांजलि दी। कमल हासन ने लिखा, “हमारी बेटी अब 5 अन्य बच्चों में जिंदा रहेगी।”
केरल सरकार ने राज्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। पथानमथिट्टा के सेंट थॉमस CSI चर्च में पुलिस गार्ड ऑफ ऑनर दी गई। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी मौजूद रहे। ऑर्गन्स को ग्रीन कॉरिडोर से तिरुवनंतपुरम पहुंचाया गया, जहां सफल ट्रांसप्लांट हुए।



