उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जारी, कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप

उत्तर भारत में भीषण शीतलहर और घने कोहरे का दौर लगातार जारी है जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 और 13 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना है जबकि 14 जनवरी तक कुछ इलाकों में इसका प्रभाव बना रह सकता है। इसके बाद ठंड में धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। बिहार के कुछ हिस्सों में 11 से 16 जनवरी तक तथा उत्तरी राजस्थान में 11 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है।

कश्मीर में तो स्थिति और भी गंभीर हो गई है जहां न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उससे पहले की रात यह शून्य से 5.7 डिग्री नीचे था।

दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 7.6 डिग्री नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में पारा 1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

घने कोहरे के कारण यातायात पर भी बुरा असर पड़ रहा है। जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में 16 जनवरी तक, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में 17 जनवरी तक, पश्चिमी राजस्थान में 13 जनवरी तक तथा पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक और बिहार में 12 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।

LIVE TV