नई दिल्ली/लखनऊ: अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास की नई शुरुआत हुई है। उन्होंने बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “आज ही के दिन सात वर्ष पहले अनुच्छेद 370 और 35(ए) इतिहास बन गए थे। इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विकास यात्रा में एक निर्णायक नए अध्याय की शुरुआत हुई।” उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने से महिलाओं और वंचित वर्गों सहित सभी नागरिकों को समान संवैधानिक अधिकार और नए अवसर मिले हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों को दशकों तक मूल संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया था, उन्हें अब सशक्त बनाया गया है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनका राष्ट्रीय एकता का सपना 5 अगस्त 2019 को साकार हुआ।
सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “5 अगस्त 2019 भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से ‘एक विधान-एक निशान-एक प्रधान’ का स्वप्न साकार हुआ।”
उन्होंने कहा कि बीते सात वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने आतंकवाद से शांति, अलगाववाद से एकात्मता और अस्थिरता से विकास की यात्रा तय की है। आज यह प्रदेश नए भारत की आकांक्षाओं और समृद्धि का प्रतीक बन चुका है।




