
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर ब्राह्मण वोट बैंक पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण समाज के विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों और पूर्व सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई।
बैठक में आगामी चुनाव में ब्राह्मण मतदाताओं को सपा के पक्ष में लाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में भाजपा से ब्राह्मण वोटरों की नाराजगी की खबरें सामने आई थीं।
सपा जनेश्वर मिश्र की जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी भी कर रही है, जिससे ब्राह्मण समाज को बड़ा राजनीतिक संदेश दिया जा सके। अखिलेश यादव अपने ‘पीडीए’ फॉर्मूले के तहत अगड़ा वर्ग को लगातार साधने की कोशिश में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण मतदाता कुल वोट का 10 से 15 प्रतिशत हैं और करीब 115 सीटों पर इनका सीधा प्रभाव माना जाता है।



