उत्तराखंड

उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर सीएम धामी की 13 बड़ी घोषणाएं, मानदेय वृद्धि और जन कल्याण पर जोर

चमोली जिले के भराड़ीसैंण में उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को 13 बड़ी सौगातें दी हैं। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, मिड-डे मील पकाने वालों और अतिथि शिक्षकों (गेस्ट टीचर्स) के मानदेय में बढ़ोतरी का अहम ऐलान किया। यह बढ़ा हुआ मानदेय 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा।

इसके साथ ही, राज्य आंदोलनकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कैबिनेट समिति के गठन की भी घोषणा की गई, जो दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाण पत्र जारी करने जैसे मुद्दों का गहराई से अध्ययन करेगी।

आम जनमानस और महिलाओं को राहत देते हुए सीएम धामी ने ‘लखपति दीदियों’ को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए दो किस्तों में वित्तीय प्रोत्साहन देने का फैसला किया है। इसके अलावा, जंगली जानवरों के हमले में घायल हुए लोगों को प्लास्टिक सर्जरी और महंगे इलाज के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रदेश के छोटे किसानों और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली बिलों के भुगतान में देरी पर लगने वाले सरचार्ज को माफ कर दिया गया है। वहीं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के निवासियों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘अपुणी सरकार’ पोर्टल को और भी ज्यादा सुलभ बनाया जाएगा।

राज्य के विकास और संस्कृति से जुड़ी अन्य घोषणाओं में हर जिले (मुख्यालय से बाहर के शहरी क्षेत्रों में) दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण, वैकल्पिक ऊर्जा वाले गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ना और राज्य में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाना शामिल है। अपनी लोक संस्कृति को विश्व पटल पर रखने वाले दिवंगत लोक गायक गोपाल बाबू गोस्वामी और चंद्र सिंह राही को मरणोपरांत ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से नवाजे जाने का भी ऐलान किया गया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया, जिनके विजन से उत्तराखंड का निर्माण हुआ था। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था 2022 के 2.55 लाख करोड़ रुपये से उछलकर अब 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक (2023-24) में राज्य का पहला स्थान, चारधाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और सख्त नकल विरोधी कानून जैसी उपलब्धियां सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने भव्य परेड की सलामी ली और कृषि, बागवानी, स्वरोजगार और खेल (हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक) के क्षेत्र में शानदार काम करने वाली प्रतिभाओं को सब्सिडी और आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button