एमपी के स्कूलों में स्काउट-गाइड टीम अनिवार्य

स्काउट-गाइडभोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने प्रदेश के सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड टीमों का गठन और संचालन अनिवार्य कर दिया है। इस समय प्रदेश के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के करीब छह लाख 50 हजार विद्यार्थी इसके सदस्य हैं। सोमवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, “राज्य प्रशासन ने स्काउट-गाइड के क्रिया-कलापों को शिक्षा का अभिन्न अंग मानते हुए सभी विद्यालयों में स्काउट गाइड दलों का गठन एवं संचालन अनिवार्य कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा तीसरी से 12वीं तक के छात्रों को उनकी उम्र के अनुरूप निर्धारित पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।”

ज्ञात हो कि स्काउट एंड गाइड का मुख्य उद्देश्य छात्रों को दी जा रही शिक्षा में सहयोग देते हुए उनका शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक विकास करना है।

राज्य में स्काउट-गाइड के सदस्य विभिन्न कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। पौधरोपण, पल्स पोलियो टीकाकरण, जन-जागरण रैलियों में स्काउट-गाइड के सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वर्ष 2016 में उज्जैन में हुए सिंहस्थ में स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।

LIVE TV