शिवपाल का वादा, सत्ता में आते ही हर घर को फ्री बिजली और नौकरी, गठबंधन का ऐलान जल्द

आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के मद्देनजर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ऐलान किया है कि 2022 में सरकार बनने के बाद वह प्रत्येक घर से एक बेटा और बेटी को नौकरी दिलवाएंगे। वहीं, बिजली बिल माफ करने के अलावा प्रति परिवार 250 यूनिट मुफ्त बिजली दिलाई जाएगी। इसी के साथ ही उन्होंने दावा किया है कि उनकी इच्छा किसी बड़े दल से गठबंधन करके 2022 यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की है। हालंकि वह पार्टी कौन होगी इसपर अभी खुलासा नहीं किया है।

 Shivpal Singh Yadav

मैनपुरी में एक विवाह समारोह में शामिल होने आये शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत मे कहा कि सामान विचारधारा वाली सभी पार्टी भाजपा को हटाने के लिए एक हो जाएं। एक होकर ही भाजपा को हटाने में आसानी होगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर कहा कि उनकी मंशा किसी बड़े दल से गठबंधन की है उम्मीद है, यह गठबंधन जल्द ही हो जायेगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि वह गठबंधन पर काफी दिनों से विचार कर रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए सभी सेकुलर दलों को एक मंच पर आने की बहुत जरूरत है। तभी भाजपा को सत्ता से दूर किया जा सकता है।

उन्होने कहा कि भाजपा लोग संविधान को भी नहीं मानते है इनका सत्ता से दूर जाना बहुत ही जरूरी है। आगे उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से देश लगातार नीचे जाता हुआ नजर आ रहा है। भाजपा के राज मे देश कभी भी प्रगति नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि बेशक भाजपा कितने भी सत्ता में आने के सपने देखे लेकिन भाजपा कभी भी सत्ता की वापसी नहीं कर पाएगी।

LIVE TV