मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

मुख्यमंत्री आवासलखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी में मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बुधवार को पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं और सभी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। करीब एक घंटे तक सड़क पर अफरा-तफरी मची रही। ये लोग सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पाण्डेय के समर्थन में सरकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों के बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाने का आदेश लागू कराने की मांग को लेकर एकजुट हुए थे।

मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ी आक्रोशित महिलाएं

संदीप पाण्डेय दस दिन से महात्मा गांधी पार्क में अनशन पर बैठे थे। कोई सुनवाई न होने पर उनके समर्थक बुधवार को आक्रोशित हो गए। दोपहर करीब एक बजे सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) महिला सभा की अध्यक्ष जीनत के नेतृत्व में महिलाओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। महिलाएं नारेबाजी करती हुई हजरतगंज चौराहे के पास पहुंची ही थीं कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।

अचानक रोके जाने से महिलाएं आक्रोशित हो गईं। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अंत में पुलिसकर्मियों ने सभी को खदेड़कर अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचा दिया। महिलाओं के रोके जाते ही धरने पर बैठे अन्य समर्थक चुपके से सिविल हॉस्पिटल होते हुए मुख्यमंत्री आवास आ धमके। मुख्यमंत्री आवास के सामने पहुंचते ही मुख्यमंत्री से वार्ता की मांग कर सभी नारेबाजी करने लगे।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास में घुसने का प्रयास करने लगे, तभी पुलिस ने लाठियां भांजना शुरू कर दिया। सभी को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। लाठीचार्ज में शरद पटेल, बॉबी रमाकांत, चुन्नीलाल व तुफैल अहमद को चोटें आई हैं।

गुरुवार को मनाएंगे काला दिवस :

मैगसेसे पुरस्कार विजेता संदीप पाण्डेय ने लाठीचार्ज पर कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि उनके समर्थक शांतिपूर्वक मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उनकी आवाज दबाने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।

संदीप का कहना है कि गुरुवार को वह काली पट्टी बांधकर मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालकर काला दिवस मनाएंगे।

दसवें दिन तोड़ा अनशन :

सरकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों के बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाने का आदेश लागू कराने की मांग पर संदीप पाण्डेय दस दिन से अनशन पर बैठे थे। बुधवार को आप के विधायक पंकज पुष्कर, बसपा नेता बृजेश पाठक, सपा प्रत्याशी श्वेता सिंह ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। संदीप का कहना है कि मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

बाली छीनने का लगाया आरोप :

हजरतगंज चौराहे के पास प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी महिला गुड्डी ने हजरतगंज इंस्पेक्टर विजय मल पर कान की बाली छीनने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह इस संबंध मेंगुरुवार को हजरतगंज थाने में तहरीर देंगी।

LIVE TV