नशे की हालत में पुलिसकर्मी ने व्यापारी को रौंदा, महिलाओं ने पीट-पीट कर किया अधमरा

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में नशे में धुत सिपाही ने एक व्यापारी को रौंद डाला। व्यापारी की मौत के बाद महिलाओं ने जमकर हंगामा काटा। इस दौरान महिलाओं ने पुलिसकर्मी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।

मेरठ में सूरजकुंड स्थित हंस चौराहे पर बृहस्पतिवार रात को दंगा नियंत्रण वाहन (वज्र वाहन) चालक पुलिसकर्मी ने एक व्यापारी को रौंद दिया। व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि वज्र वाहन का चालक पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत था, जिसके बाद भीड़ भड़क गई और महिलाओं ने पुलिसकर्मी को पीटना शुरू कर दिया। 

वहीं सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल और व्यापारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस ने बताया कि नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर 803/1 निवासी किशन गुप्ता (57 वर्ष) पुत्र दयाराम गुप्ता कैरम बोर्ड बनाते थे। जो भाजपा पार्षद अंशुल गुप्ता के मामा बताए गए। सूरजकुंड पर वह ऋषभ स्पोर्ट्स फैक्टरी समेत कई जगहों पर सामान देते थे। बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे किशन गुप्ता साइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान सूरजकुंड स्थित हंस चौराहे पर सामने से आ रहे वज्र वाहन ने किशन गुप्ता की साइकिल में टक्कर मार दी। किशन गुप्ता ने बचने का प्रयास किया। लेकिन वज्र वाहन का चालक पुलिसकर्मी गाड़ी को कंट्रोल नहीं कर पाया और उसने रफ्तार बढ़ा दी। वज्र वाहन किशन गुप्ता को रौंदते हुए निकल गया। किशन गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे को देखकर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने वज्र वाहन को घेर लिया और चालक पुलिसकर्मी को खींचने लगे। आरोप है कि वज्र वाहन चला रहा पुलिसकर्मी नशे में धुत था। पुलिस की गाड़ी से व्यापारी की मौत पर गुस्सायी महिलाओं और लोगों ने पुलिसकर्मी को पीटकर अधमरा कर दिया। लोग इस दौरान वीडियो बनाने में लगे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने भीड़ को वहां से हटाया। 

थाना नौचंदी प्रभारी के अनुसार मेडिकल जांच में सिपाही चालक कीर्ति पाल को नशे में होना पाया गया। वह भीड़ की पिटाई से घायल है। 

सीओ करेंगे जांच
एसएसपी अजय साहनी के अनुसार पीड़ित परिवार की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिसकर्मी के साथ जिन्होंने मारपीट की, उन पर भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पूरे मामले की जांच सीओ सिविल लाइन को सौंपी गई है।

LIVE TV