अमरिंदर का इशारा, कांग्रेस में शामिल होंगे सिद्धू!

नवजोत सिंह सिद्धूनई दिल्ली| नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच पंजाब में कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि ‘पार्टी की नीतियों से इत्तेफाक रखने वाले किसी भी व्यक्ति का पार्टी में स्वागत है।’ अमरिंदर सिंह ने कहा कि सिद्धू के मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ चर्चा नहीं की गई है।

सिंह ने पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के लिए शुक्रवार को राहुल गांधी से मुलाकात की।

अमरिंद सिंह ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “नहीं, नवजोत सिंह के मुद्दे पर बैठक में चर्चा नहीं हुई। पार्टी की नीतियों व योजनाओं से इत्तेफाक रखने वाले किसी भी व्यक्ति का हम पार्टी में स्वागत करते हैं।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने वाले नवजोत सिंह सिद्धू ने पिछले महीने ‘आवाज-ए-पंजाब’ नामक एक नए राजनीतिक मोर्चे का गठन किया है।

अटकलें ये भी हैं कि पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस, सिद्धू के मोर्चे के साथ गठबंधन करने पर विचार कर रही है और अगर गठबंधन चुनाव में जीत हासिल करता है, तो सिद्धू को वरिष्ठ पद से नवाजा जा सकता है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इससे पहले कहा था कि सिद्धू कॉमेडी शो में ही फिट बैठते हैं।

सिद्धू ने 18 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद वह 14 सितंबर को औपचारिक तौर पर भाजपा से अलग हो गए।

LIVE TV