दिल्ली-NCR सहित पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके, तीव्रता 5.8, हाई अलर्ट पर एनडीआरएफ

दिल्लीनई दिल्ली| राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाके में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। सोमवार को देर शाम 10.35 बजे के करीब दिल्ली में 30 सेकेंड तक लगातार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के पीपलकोटी में बताया जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.8 दर्ज की गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान ब्यूरो के ऑपरेशन प्रमुख जेएल गौतम ने बताया कि भूकंप का केन्द्र उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में था। उन्होंने बताया, ‘भूकंप की गहराई 33 किलोमीटर थी और यह रात 10 बजकर 33 मिनट पर आया।’ हिमालय क्षेत्र में आने वाला उत्तराखंड अधिक भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। भूकंप के झटके पंजाब, हरियाणा, उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी महसूस किये गये, जिसके बाद कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल, जान माल को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।

खबरों के मुताबिक समूचे हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भूकंप महसूस किया गया। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग नीचे की ओर दौड़ पड़े। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, अंबाला, पंचकुला, सोनीपत, पानीपत और करनाल सहित हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। पंजाब में मोहाली, पटियाला, रोपड़, लुधियाना और जलंधर सहित कई स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं लोगों ने नोएडा में भी भूकंप का झटका महसूस किया।

 

LIVE TV