
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुक्रवार को एक बेहद सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। देहरादून के मियांवाला क्षेत्र में नवनिर्मित ‘जल सृष्टि पार्क’ के भव्य लोकार्पण कार्यक्रम के समापन के बाद जब मुख्यमंत्री का काफिला लौट रहा था, तब सड़क किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और नन्हे-मुन्ने बच्चे उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुकता से खड़े थे।
आम लोगों और बच्चों के इस उत्साह और प्रेम को देखकर मुख्यमंत्री ने तुरंत अपना काफिला रुकवाने का निर्देश दिया और प्रोटोकॉल से इतर सीधे जनता के बीच पहुंच गए।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों और बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा माहौल उल्लास से भर गया। सीएम धामी ने बेहद आत्मीयता के साथ बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और हालचाल जाना। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने पूरे सहज भाव से स्वीकार किया। स्थानीय लोगों ने बेझिझक अपनी भावनाएं साझा कीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुना।
मुख्यमंत्री के इस आत्मीय और सरल व्यवहार ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया और काफिला रुकने का यह पल सभी के लिए यादगार बन गया। इस संवाद के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की जनता से मिलना और उनके बीच समय बिताना उनके लिए हमेशा से एक सुखद व ऊर्जावान अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता का यही अटूट स्नेह और आशीर्वाद उन्हें दिन-रात निरंतर जनसेवा करने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की नई प्रेरणा प्रदान करता है।



