दूधसागर झरने पर प्रतिबंधित होगी प्लास्टिक, गोवा सरकार ने लिया फैसला

गोवा के दूधसागरपणजी। गोवा के लोकप्रिय दूधसागर झरने का आनंद उठाने आने वाले पर्यटकों की संख्या को सीमित किया जा सकता है और इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को इंटरनेशनल डे फॉर बॉयोलॉजिकल डायवर्सिटी के मौके पर आयोजित समारोह में कहा, “गोवा पर्यटन के लिए अच्छा है, लेकिन मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि झरनों की क्षमता का अहसास करने और क्षेत्र को साफ रखने के लिए वन विभाग को चेताने वाले वह पहले व्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा, “मैं वन सचिव को सलाह दूंगा कि वहां बहुत सारा प्लास्टिक जमा हो गया है। हमें इसे बेदाग रखना चाहिए। वास्तव में हमें प्लास्टिक पर रोक लगानी चाहिए। वाहन को रोकें और हर किसी को उनके पास मौजूद प्लास्टिक की चीजों को जमा करने का आग्रह करें और वापस जाने पर उसे वापस दे दें।”

पर्रिकर ने कहा कि झरनों पर आने वाले पर्यटकों की संख्या को सीमित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, “जैसे ही कोई (पर्यटन स्थल) लोकप्रिय होता है, हम इस स्थान की जैव विविधता को बर्बाद करने लगते हैं। पर्यटन को जैव-विविधता और पर्यावरण की मदद से विकसित किया जा सकता है।”

LIVE TV