गोरखपुर : कुल्हाड़ी के दम पर प्रेमी ने मंडप में भरी दुल्हन की मांग, देखता रह गया दूल्हा

यूपी के गोरखपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार में फिल्मी अंदाज में प्रेमी ने स्टेज पर दूल्हे के सामने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा।

कुसम्ही बाजार निवासी सुदामा की लड़की की शादी शिव नाथ के पुत्र दीपचंद्र निवासी छपरौली देवरिया से तय हुई थी। बारात बुधवार को आई थी। धूमधाम से द्वारपूजा हुई और वरमाला की तैयारी हुई। लेकिन रात तकरीबन 10 बजे जब वरमाला की तैयारी हो रही थी वहां लड़की का प्रेमी गोलू विश्वकर्मा पुत्र अशोक विश्वकर्मा निवासी बरौली थाना पिपराईच पहुंच गया।

फिल्मी अंदाज में एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में सिंदूर लेकर चढ़े युवक गोली ने किसी के समझने से पहले ही दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया। इस घटना के बाद कुछ घरवालों ने दौड़ाकर गोलू को पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी की। जिसमें वह घायल हो गया। मामले की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद गोलू को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। इसके बाद दूल्हा पक्ष लड़की को ले जाने को राजी नहीं थे मगर रात भर चली पंचायत में किसी तरह लड़का पक्ष मान गया और शादी की रस्में पूरी कर लड़की को विदा कराकर घर ले गए।

LIVE TV