किसान आंदोलन में एकजुट महिलाओं ने “इंकलाब की मेहंदी” लगाकर मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देश के अलग-अलग क्षेत्रों से महिलाओं ने दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन में हिस्सा लिया।

आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहां है। इस मौके पर दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
सोमवार को पंजाब के विभिन्न इलाकों से दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में महिलाएं आंदोलन से जुड़ गयीं। इस मौके पर किसान आंदोलन वाली जगह पर खास तैयारी की गई है। पंजाब की मशहूर अदाकारा सोनिया मान ने भी अपनी उपस्तिथि दर्ज कराई। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसानों की इस लड़ाई को सफल बनाने के लिए महिलाओं को आगे आकर इस आंदोलन से जुड़ना चाहिए।

इंकलाब की मेहंदी

टिकरी बॉर्डर पर एकजुट महिलाओं ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खास तरीके की मेहंदी भी लगाई जिसे इंकलाब की मेहंदी बतायी जा रही है।
उन्होंने अपने हाथो पर इंकलाब जिंदाबाद, महिला एकता जिंदाबाद, किसान एकता जिंदाबाद जैसे नारों को लिखवा कर कृषि कानून के सम्बन्ध में सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया।

कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को 100 दिन से ऊपर हो चुके हैं। टिकरी, सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर हजारों की संख्या में किसान प्रदर्शनकारी तीन महीने से डटे हुए हैं जिसमे बड़ी संख्या में महिला किसान भी शामिल हैं। आंदोलन में प्रदर्शन करने, भाषण देने से लेकर आंदोलन की व्यवस्था संभालने तक महिलाओं ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है।

LIVE TV