कांग्रेस नेता के खिलाफ बाल संरक्षण आयोग ने जारी किया नोटिस, लड़कियों को लेकर कही थी यह बात

मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने बीते दिन लड़कियों की शादी की उम्र की चर्चा करते हुए एक विवादित बयान दिया। अपने एक बयान में उन्होंने कहा कि जब लड़कियां 15 साल की उम्र में ही प्रजनन के लायक हो जाती हैं और 18 साल में परिपक्व हो जाती हैं तो शादी की उम्र 21 साल क्यों हो? कांग्रेस नेता सज्जन सिंह के इस बयान पर काफी बवाल मचा हुआ है। इसी बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी उन्हें नोटिस भेजी है।

यदि बात करें राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा भेजी गई नोटिस की तो उसमें कांग्रेस नेता से दो दिन के भीतर इस बात का स्पष्टीकरण देने और नाबालिग लड़कियों और कानून के खिलाफ इस तरह का भेदभावपूर्ण बयान देने के अपने इरादे को उचित ठहराने का अनुरोध किया है।

कांग्रेस नेता सज्जन सिंह ने अपने बयान में कहा था कि, “जब डॉक्टर बोलते हैं कि लड़कियां 15 साल में प्रजनन के लायक हो जाती हैं तो शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है? शिवराज क्या बड़ा डॉक्टर हो गया है?” दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नारी सम्मान कार्यक्रम के दौरान कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल की जानी चाहिए। साथ ही कहा कि इस मुद्दे पर ज्यादा सोचने की जरुरत नहीं है। सीएम शिवराज के बयान पर कांग्रेस नेता ने इस तरह का बयान दिया था।

LIVE TV