उत्‍तर प्रदेश के निगमों में खाली पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

उत्‍तर प्रदेशलखनऊ। उत्‍तर प्रदेश सरकार बहुत जल्‍दी प्रदेश के युवाओं को नौकरी का तोहफा देने जा रही है। राजकीय निर्माण निगम, उत्तर प्रदेश सेतु निगम, राज्य भंडारागार निगम, खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम तथा वन निगम में खाली पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो के सलाहकार डॉ. केसी पांडेय ने बुधवार को समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से रिक्त पदों का ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा है।

उन्होंने अधिकारियों को जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप जनता को उनका लाभ दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा। सलाहकार ने राज्य भंडारागार निगम से बनने वाले भंडारण गृहों का सदुपयोग करने तथा खाली पड़े भंडारण गृहों के संबंध में किसानों की सुविधा के लिए कृषि उपजों को रखने की सुविधा देने को कहा है।

उन्होंने सेतु निगम तथा राजकीय निर्माण निगम के कार्यों की सराहना करते हुए दोनों निगमों को अन्य प्रदेशों में भी निर्माण कार्यों का ठेका लेने को कहा। राज्य सेतु निगम मौजूदा समय में 221 पुलों का निर्माण करा रहा है। निगमों से आय तथा शुद्ध लाभ अर्जित करने में वृद्धि लाने पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया। वन निगम से वनों का संरक्षण प्राकृतिक वातावरण को हरा-भरा बनाने का निर्देश दिया।

LIVE TV