आज और परेशान कर सकती है गर्मी, जानिए क्या रहने वाला है मौसम का हाल

दक्षिण पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशामों में चल रही गर्म हवाओं के चलते दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में पारा 46 डिग्री के भी पार रहा। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में तापमान 43 डिग्री के पास रहा और सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

माना जा रहा है कि सोमवार को तापमान और भी बढ़ेगा। मौसम विभाग के द्वारा इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि कई जगहों पर हीटवेव चल सकती है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस था। यह तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। दिल्ली के ही नजफगढ़ इलाके में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री रहा। जबकि यहा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। बात एनसीआर की हो तो यहां गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री रहा। वहीं नोएडा में तापमान 43.6 डिग्री रहा।

मौसम विभाग की माने तो सोमवार को दिल्ली का पारा 43 डिग्री तक जाने की उम्मीद है। इसी के साथ आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं। कई जगहों पर हीटवेब चलने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि दिन में 25-35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। हालांकि मंगलवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि मंगलावर को कुछ जगहों पर हल्की सी बूंदाबांदी भी हो सकती है।

LIVE TV