100.5 मेगा हट्र्ज पर ये आकाशवाणी देहरादून है

आकाशवाणीदेहरादून। ये आकाशवाणी है। 100.5 मेगा हट्र्ज पर आप सुन रहे हैं आकाशवाणी का देहरादून केंद्र। पिछले 12 साल से रेडियो पर यह वाक्य सुनने को तरस रहे कानों की साध आखिरकार गुरुवार को पूरी हो गई। ऑल इंडिया रेडियो के देहरादून स्टेशन का केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैंकेया नायडू के हाथों उद्घाटन होने के साथ ही इससे प्रसारण भी शुरू हो गया। यहां से स्थानीय बोली भाषाओं गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी के साथ ही हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू व संस्कृत में कार्यक्रम प्रसारित होंगे। केंद्र से रोजाना 17 घंटे 15 मिनट का मैराथन प्रसारण होगा। एफएम ट्रांसमीटर होने के कारण रेडियो पर कार्यक्रम सुस्पष्ट सुनाई देंगे।

वहीं, रेडियो स्टेशन के साथ ही राज्य को दूरदर्शन केंद्र की सौगात भी मिली है, जहां क्षेत्रीय समाचार एकांश (आरएनयू) ने भी कार्य करना शुरू कर दिया। अब दूरदर्शन पर भी उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों को महत्व मिलेगा, बल्कि राज्य के दो समाचार बुलेटिन भी प्रसारित होंगे।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि उत्तराखंड के जिन दुर्गम क्षेत्रों में दूरदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, वहां सरकार की ओर से लोगों को मुफ्त सेटअप बॉक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। ताकि, लोग समाचारों व अपनी संस्कृति से जुड़ने के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सके।

नायडू ने गुरुवार को देहरादून में दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केंद्र का लोकार्पण करते हुए कहा कि दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के सहयोग से स्थानीय बोली, भाषा और संस्कृति की झलक मिलेगी। उत्तराखंड की देश में विशिष्ट पहचान है, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के माध्यम से यह अच्छी तरह से लोगों के सामने आएगी। फिलहाल समाचार एकांश दून से शाम 6.30 से 6.45 तक प्रसारित होगा। 15 जुलाई के बाद सेटेलाइट के माध्यम से लखनऊ से 15 मिनट का अन्य प्रसारण भी दिखाया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि अगले एक साल में दून से दूरदर्शन का प्रसारण 24 घंटे किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाशवाणी के माध्यम से मन की बात करते हैं, वैसे ही उन्होंने सीएम से भी आकाशवाणी के माध्यम से मन की बात करने की अपील की।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दूरदर्शन व आकाशवाणी उत्तराखंड की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा। उत्तराखंड की संस्कृति, तीर्थाटन, पर्यटन के नए कलेवर को दूरदर्शन पेश करेगा। इस मौके पर सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक उमेश शर्मा काऊ, आकाशवाणी के महानिदेशक फय्याज शहरयार, दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया शाहू, आकाशवाणी के केंद्र निदेशक बीबी भट्ट, प्रमुख अभियंता सीबीएस मौर्य आदि मौजूद रहे।

LIVE TV