लाल किले में ‘भारत पर्व’ 26 से 31 जनवरी तक

लालकिले पर भारत पर्वनई दिल्ली| गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत सरकार 26 से 31 जनवरी तक दिल्ली के लालकिले पर भारत पर्व का आयोजन कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विचार को लोकप्रिय बनाने के तहत देशभक्ति की भावना को जागृत करना, देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना और आम जन की व्यापक भागीदारी को सुनिश्चित करना है।

लालकिले पर भारत पर्व

पर्यटन मंत्रालय को इस कार्यक्रम के लिए नोडल मंत्रालय के रूप में नामित किया गया है। इस आयोजन में गणतंत्र दिवस परेड की झांकी, सशस्त्र बलों के बैंड द्वारा प्रस्तुति (स्थिर और चलित), फूड-कोर्ट, शिल्प मेला, देश के विभिन्न क्षेत्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति और सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा एक फोटो प्रदर्शनी को प्रदर्शित किया जाएगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में देशभर के लोकनृत्य/आदिवासी नृत्य और संगीत को शामिल किया गया है। इनमें उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। फूड-कोर्ट में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (एनएएसवीआई) के 50 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न राज्यों के व्यंजन के साथ-साथ होटल प्रबंधन संस्थान और आईटीडीसी के व्यंजनों का लुत्फ उठाया जा सकेगा।

शिल्प मेले में 50 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे, जो देश की हस्तशिल्प विविधता को प्रदर्शित करेंगे। इसका प्रबंधन राज्य सरकारों तथा वस्त्र मंत्रालय के द्वारा हस्तशिल्प विकास आयुक्त के कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय भी ‘मेरा देश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है’ पर एक फोटो प्रदर्शनी को प्रदर्शित करेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणतंत्र दिवस परेड की वह झांकी होगी, जिसे समारोह स्थल पर प्रदर्शित किया गया होगा।

भारत पर्व कार्यक्रम का उद्घाटन 26 जनवरी को शाम पांच बजे किया जाएगा और 26 जनवरी को यह आम जनता के लिए शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा।

27 से 31 जनवरी तक यह दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा। इस कार्यक्रम में आम जनता को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि प्रवेश के लिए पहचान पत्र साथ में होना जरूरी है।

LIVE TV