वेस्ट एंड रोड पर अब चार पहिया वाहनों पर सख्ती शुरू

WhatsApp-Image-20160505 (3)मेरठ :
वेस्ट एंड रोड पर अब चार पहिया वाहनों पर सख्ती शुरू कर दी गई है। बुधवार को आर्मी जीप, पुलिस समेत 13 वाहनों का चालान काटा गया। सुबह स्कूल खुलने और दोपहर को छुट्टी के समय व्यवस्था ठीक रही। अभिभावक, बच्चों काफी खुश नजर आए। हालांकि बाहरी मार्गों पर लंबा जाम लग गया।
कैंट बोर्ड कर्मचारी, पीआरडी जवान और वॉलेंटियर बुधवार सुबह छह बजे वेस्ट एंड रोड पहुंच गए। इन्होंने सदर घंटाघर से लेकर ऑफिसर मेस तिराहे और इस मार्ग को जोड़ने वाली सभी लिंक रोडों पर 16 अस्थायी बैरियर लगाए। इसके बाद सभी एंट्री प्वाइंट पर तैनात हो गए।
इन्होंने किसी भी चार पहिया वाहनों को एंट्री नहीं दी। अभिभावक भी बाहरी मार्गों पर अपने वाहन खड़े करके पैदल बच्चों को स्कूल गेट तक छोड़ने गए। दोपहर को भी कर्मचारियों ने व्यवस्था संभाल ली। किसी को एंट्री गेट से अंदर नहीं आने दिया गया।

पहले खड़े कर दिए थे वाहन, कटे चालान :
बुधवार को 12 बजते ही अभिभावक गाड़ी लेकर स्कूलों के सामने खड़े हो गए। इन वाहनों को देख ट्रैफिक पुलिस और कैंट बोर्ड ने नाराजगी जताई। ट्रैफिक पुलिस ने आठ चार पहिया वाहनों के चस्पा चालान काटे। इसके अलावा आर्मी जीप, पुलिस का स्टीकर लगी गाड़ी का नकद चालान और तीन अन्य गाड़ियों का चालान काटा गया।
आर्मी जीप का जिस समय चालान काटा गया, उस समय मां और बच्चा गाड़ी में बैठा था। पुलिस स्टीकर लगे चार पहिया गाड़ी में भी स्कूली बच्चा बैठा था। ट्रैफिक पुलिस के टीएसआई संतोष कुमार ने बताया कि वेस्ट एंड रोड पर जो भी चार पहिया वाहन स्कूल टाइम में नजर आएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता :- अक्षय कुमार

LIVE TV