यूपी में घिरी भाजपा, विवादित बयान देने वाले दयाशंकर अंडरग्राउण्‍ड

लखनऊ। भाजपा से निष्‍कासित नेता दयाशंकर सिंह के विवादित बयान के खिलाफ देशभर में बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लखनऊ में हजरतगंज चौराहे पर हजारों कार्यकर्ता रोड जाम कर दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी की मांग पर अड़़ गए हैं। इस बीच पुलिस ने दयाशंकर के लखनऊ व बलिया स्थित आवास पर छापेमारी भी की है। हालांकि दोनों ही जगह दयाशंकर नहीं मिले।

लखनऊ के साथ दिल्ली, चंडीगढ और भोपाल में भी बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बसपा के इस प्रदर्शन पर केन्द्रीय मंत्री वैंकैया नायडू ने कहा है कि गलतबयानी पर भाजपा ने दयाशंकर को सजा दे दी है। अब यह मामला खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, ‘बसपा इस मुद्दे को राजनीतिक तूल दे रही है। यूपी में भाजपा और बसपा के बीच टक्कर होनी है। इस‍ीलिए बसपा इस मुद्दे को भुनाने में लगी है।’

बुधवार को भाजपा नेता दयाशंकर सिंह के उस विवादित बयान पर संसद में बवाल मचा था, जिसमें उन्होंने बसपा मुखिया मायावती की तुलना वैश्या से कर दी थी। इसके बाद भाजपा ने दयाशंकर सिंह को यूपी भाजपा उपाध्‍यक्ष समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। बाद में खबरें आईं कि दयाशंकर को छह साल के लिए पार्टी से निष्‍कासित कर दिया गया है।

वहीं, इस मामले में यूपी के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सख्‍त रुख अपनाते हुए दयाशंकर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराने का आदेश दिया था। दूसरी तरफ बसपा कार्यकर्ताओं ने कल ही भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर ऐलान कर दिया था। इसके मद्देनजर बसपा के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आज लखनऊ बुला लिया गया है।

 

LIVE TV