एक बार फिर विदेश मंत्रालय ने जमाया रंग, खुशियों का पैगाम लेकर आया सुषमा का ट्वीट

विदेश मंत्रालयनई दिल्ली| भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का नमूना पेश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस साल मार्च में ईरान द्वारा हिरासत में लिए गए 25 भारतीय मछुआरों को रिहा करा किया गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने खुद इस बात की जानकारी दी है।

विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

सुषमा ने गुरुवार देर रात ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी देते हुए कहा, “मैं इस बात की सूचना देकर खुश हूं कि इस साल मार्च में ईरान के तटरक्षकों द्वारा हिरासत में लिए गए तमिलनाडु के रहने वाले 25 मछुआरों को रिहा कर दिया गया है। इनकी बहरीन की पांच नौकाओं को भी लौटा दिया गया है और वापस बहरीन भेज दिया गया है।”

विदेश मंत्री ने भारतीय मछुआरों की रिहाई के लिए तेहरान में भारतीय दूतावास के प्रयासों की प्रशंसा की।

अरबी समाचार पत्र ‘अल बिलाद’ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा रिहा किए गए भारतीय मछुआरों में जगन, जेनिश, जोस प्रिंस, अरोकिया जॉन, जेसुदासन, अरोकिया बोर्गियो, बास्कालिस एंथोनी पिचाई, एंथोनी प्रमोद, एंथोनी सूसाई, बोर्गियो फ्रांसिस, विक्टर, विसुवासम, अरोकिया बेर्विन बेस्की, अरुण विवेक, अरुण प्राजिदान, साजन, सेवियो, विलियमसन प्रभु, जोसेफ बेस्की, डोमिनिक सावियो, निशांत मेरिन कुमार, राज तिलक और एंसन हैं। ये सभी तमिलनाडु के निवासी हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, आठ मार्च को निकली चार नावों को 12 मार्च को हिरासत में लिया गया था और इसके बाद 22 मार्च को गई चार अन्य नावों को 23 मार्च को हिरासत में लिया गया। इन सभी मछुआरों को ईरान के किश द्वीप में बंदरगाह के अधिकारियों की सख्त निगरानी में हिरासत में रखा गया था।

LIVE TV