सुषमा बन गयीं इन दो विदेशी बहुओं की ‘मां’

दिल्‍ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज दो विदेशी बहुओं की मदद की। इनमें से एक बहू कजाखिस्तान की है तो दूसरी रूस की। लेकिन दोनों का ससुराल हिन्दुस्तान में है। एक बहू के साथ उसके ससुरालवाले हैं, लेकिन वीजा नहीं। दूसरी के साथ उसका पति है, लेकिन ससुराल वाले नहीं।

कजाखिस्तान से आकर हरियाणा की बहू बनी जाहना को अब वीजा खत्म होने पर देश वापस नहीं लौटना पड़ेगा। रविवार को सुषमा स्वराज ने ट्विट किया,”थारी बहु नै कहो वीज़ा बढ़ान खातिर अर्ज़ी दाखिल कर दै। हम उसकी मदद कर दिआंगे।”

विदेशी बहुओं ने सुषमा को कहा, थैंक्‍स

फेसबुक के जरिए जाहना की हरियाणा के टीनू से दोस्ती हुई थी। बाद में यह रिश्‍ता शादी तक पहुंच गया लेकिन वीजा की दिक्कत के कारण जाहना का देश में रहना मुश्किल हो गया। मीडिया में खबर आई तो बात सुषमा स्वराज तक भी पहुंची। दिलदार सुषमा ने तत्काल एक्शन लिया और जाहना के लिए राहत भरा ट्विट किया। जाहना स्टूडेंट हैं और पिछले साल यहां टीनू से शादी करने के लिए टूरिस्ट वीजा पर आई थीं।

सुषमा स्वराज की मदद के बाद जाहना खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘एक बड़ी शख्सियत ने मेरी मदद की है। सुषमा जी बहुत धन्यवाद।’

उधर, आगरा का मामला इससे उलट है। यहां रूस से आई बहू ओल्गा एफिमेंकोव अपनी सास से परेशान हैं। ओल्गा का कहना है कि सास ने दहेज न लाने पर उसे घर से निकाल दिया है। इसी वजह से ओल्गा ने अपने पति और बच्चे के साथ सास के घर के सामने धरना शुरू कर दिया है।

यह मामला भी आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक पहुंचा। यहां भी उन्होंने तत्काल मदद की। उन्होंने यूपी के सीएम अखिलेश यादव से संपर्क साधा। अब यूपी पुलिस ने मामले को अपने हाथ में ले लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में ओल्गा ने बताया कि उसकी सास व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ओल्गा एफिमेंकोव ने इस मदद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और यूपी के सीएम अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा किया है।

विदेशी बहुओं की मदद कर सुषमा ने जतायी खुशी 

रूस की रहने वाली ओल्गा एफिमेंकोव की शादी वर्ष 2011 में विक्रांत सिंह चंदेल से हुई थी। इनका एक एक बच्चा भी है। पति के बिजनेस के चलते वो अब तक गोवा में रह रहे थे। पति को कारोबार में काफी घाटा हुआ तो आगरा स्थित अपने घर लौट आए। यहां आकर पता लगा कि उसकी सास ने अपनी पूरी संपत्ति अपनी बेटी को दान कर दी है। यहां तक की घर में उनकी एंट्री तक बंद कर दी गई। इस कारण वह पति और बच्चे के साथ ससुराल की चौखट पर धरना दे रही हैं।

विक्रांत ने अपनी मां निर्मला सिंह चंदेल पर बहू के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ विक्रांत की माँ निर्मला सिंह ने बताया कि वह खुद एक कमरे में रहती हैं। बेटी को दामाद ने निकाल दिया था इसलिए मकान उसके नाम कर दिया। वह अपने बेटे को शादी के बाद से 11 लाख रुपये दे चुकी हैं। बहू और बेटे खुलेआम शराब पीते हैं, जुआ खेलते हैं अब वह क्या करे।

 

LIVE TV