… तो अब अश्विन पर भरोसा नहीं कर पा रहे धोनी

रविचंद्रन अश्विन
Photo Courtesy- Google

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्‍टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की फॉर्म इन दिनों महेंद्र सिंह धोनी के लिए चिंता का सबब बनी है। आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स से खेलने वाले अश्विन पर अब उनके कप्‍तान का भरोसा कम होता नजर आ रहा है।

रविचंद्रन अश्विन की फॉर्म धोनी के चिंताजनक

रविचंद्रन अश्विन आईपीएल के इस सीजन में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हो रहे हैं। इस बात का अंदाजा इस तरह से लगाया जा सकता है कि इस सीजन में धोनी अश्विन का इस्‍तेमाल पहले की तरह नहीं कर रहे। बीते शनिवार को भी रॉयल चेलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान धोनी ने अश्विन को मात्र एक ओवर ही दिया था। इसमें उन्होंने सात रन दिए थे। इस मैच में धोनी ने अश्विन से ज्यादा भरोसा ऑस्ट्रेलियन स्पिन गेंदबाज एडम जम्पा पर जताया, जिनसे उन्होंने पूरे चार ओवर कराए।

आईपीएल सीजन 9 में यह पहला मौका नहीं था जब धोनी ने अश्विन पर भरोसा नहीं जताया। इससे पहले भी टूर्नामेंट में कई मौकों पर धोनी ने रविचंद्रन अश्विन को गेंदबाजी से दूर रखा है। इस सीजन में अश्विन को खेले गए दस मैचों में 30 ओवर ही कराने का मौका मिला है, जिसमें उन्हें केवल तीन ही विकेट हासिल हो सके हैं।

राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस सीजन के पहले मैच में ही अश्विन को मात्र एक ओवर ही दिया था। इस एक ओवर में अश्विन ने सात रन दिए थे और एक विकेट हासिल किया था। इसके बाद धोनी ने लगातार दो मैचों में अश्विन से चार-चार ओवर तो कराएं लेकिन अश्विन विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।

इसके बाद अगला विकेट अश्विन को टीम के छठे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिला। इस मैच में अश्विन ने चार ओवरों में मात्र 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अगला विकेट रविचंद्रन अश्विन को एक बार फिर मुंबई इंडियंस के खिलाफ ही मिला। यह टीम का आठवां मैच था। इस मैच में अश्विन ने तीन ओवरों में 21 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

ऐसा नहीं है कि केवल आईपीएल में धोनी अश्विन पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। आईपीएल शुरू होने से पहले ही अश्विन धोनी का भरोसा खो चुके थे। एशिया कप से अभी तक टीम इण्डिया द्वारा खेले गए 19 टी-20 मुकाबलों में केवल नौ बार ही ऐसा मौका आया है जब धोनी ने अश्विन ने उनके कोटे के पूरे चार ओवर करवाएं हो। हालांकि अश्विन मिले मौकों को ज्यादा भुना भी नहीं पायें है। इस दौरान उन्होंने मात्र 11 विकेट ही हासिल किये हैं।

LIVE TV