आखिर मान ही गईं प्रियंका, सबसे पहले देंगी राजनाथ को टक्कर

यूपी में प्रियंका गांधीलखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव मोड में आ गयी है। कांग्रेस राज्‍य में अपनी बेहतर स्थिति के लिए हर उस फॉर्मूले का इस्‍तेमाल करना चाहती है जिससे उसे लाभ मिल सके। इसी कड़ी में अब यूपी में प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार की कमान देने की तैयारी है। प्रशांत किशोर लम्‍बे समय से प्रियंका गांधी को प्रदेश में बड़ी भूमिका अदा करने की मांग करते रहे हैं। जानकारी के अनुसार प्रियंका ने प्रशांत की बात मान ली हैं और उनकी इसी रणनीति के तहत प्रियंका 29 जुलाई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकती हैं।

यूपी में प्रियंका गांधी करेंगी 100 रैलियां

लखनऊ की इस रैली में प्रियंका करीब 60 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। बता दें इससे पहले यूपी में प्रियंका गांधी सिर्फ रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर तक ही प्रचार करती थीं। लेकिन इस नए प्लान के तहत वे प्रदेश के महत्वपूर्ण विधान सभा में कांग्रेस के लिए वोट मांगती नजर आएंगी। कहा जा रहा है कि यूपी चुनाव में प्रियंका करीब 100 रैलियां करेंगी।

बताया जा रहा है कि 29 जुलाई को इस रैली में प्रियंका के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष  राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित, प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद और तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। कहा यह भी जा रहा है कि प्रियंका ने जानबूझ कर गृहमंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र से अपनी शुरुआत करनी चाही है। ताकि वह राजनाथ के बहाने पूरे यूपी में अपना संदेश दे सकें। प्रियंका के इस निर्णय से पार्टी कार्यकर्ता जोश से भरे हुए हैं और इस रैली को सफल बनाने के लिए जुट गये हैं।

LIVE TV